राजधानी दिल्ली में वर्ष 2019 के मुकाबले 2020 में ओवर स्पीड के चालान में 80 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। लॉकडाउन में खाली सड़कों पर वाहन चालकों ने नियमों को ताक पर रखकर तेज गति के नियमों का उल्लंघन किया है। वहीं, सड़कों पर कैमरा लगने से ओवर स्पीड करने वालों पर निगरानी भी बढ़ी है।
इसके अलावा 2020 में 2019 के मुकाबले गलत पार्किंग करने वालों के चालान की संख्या भी 25 फीसदी अधिक हुए हैं। हालांकि, लॉकडाउन के चलते ट्रिपल राइडिंग, बिना हेल्मेट, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने समेत अन्य नियमों के तहत चालान की संख्या पूर्व से कम रही।
गलत पर्किंग पर केंद्रित
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 2020 में गलत पार्किंग को लेकर अलग-अलग जगह अभियान चलाए गए। लोगों को जागारूक किया गया। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यह अभियान 2021 में भी जारी रहेगा। गलत पार्किंग से जाम होता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। सड़क संकरी हो जाती है। वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी होती है। गलत पार्किंग के 2019 में जहां 934699 चालान किए गए 2020 में यह संख्या 1239998 रही।
जुर्माने की राशि बढ़ी
वर्ष 2020 में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 2019 के मुकाबले कुल करीब 33 लाख अधिक चालान किए। वहीं, तकरीबन 20 करोड़ जुर्माने की राशि भी अधिक वसूली गई। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2020 में कुल 13802973 चालान किए गए। इनमें से कोर्ट के कुल 3750263 चालान थे, जिससे कुल करीब 124.16 करोड़ जुर्माना वसूला गया। वहीं, वर्ष 2019 में कुल 10580249 चालान किए गए। इनमें से कोर्ट के कुल 1006684 चालान थे। इनसे कुल करीब 94.07 करोड़ जुर्माना वसूला गया था।
कैमरों से मदद
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वर्ष 2019 में सड़कों पर ओवर स्पीड वाहनों को पकड़ने के लिए लगाए गए कैमरों से नियम तोड़ने वालों पर निगरानी रखने में मदद मिली है। 2019 में दिल्ली के 24 चौराहों पर थ्रीडी रडार रेड लाइट वॉयलेशन डिटेक्शन सिस्टम (आरएलवीडी) और 100 बड़ी सड़कों पर गैन्ट्री-माउंटेड रडार आधारित ओवर स्पीड डिटेन्शन सिस्टम लगाए गए। अब 2021 में छह चौराहों पर आरएलवीडी और 50 चौराहों पर ओवर स्पीड वॉयलेशन डिटेक्शन सिस्टम (ओएसवीडी) लगाए जाएंगे।
साभार – हिन्दुस्तान
हम आपके वीडियो प्रोमोट कर सकते हैं, अपने शहर से जुड़े वीडियो हमें delhicapital.com@gmail.com पर मेल करें |
Leave a Reply